जूनागढ़3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मरम्मत के दौरान पुल का स्लैब टूट गया और उसके साथ ही मजदूर नीचे गिर गए
गुजरात में एक हफ्ते में पुल टूटने की दूसरी घटना सामने आई है। बीती 9 जुलाई को वडोदरा का गंभीर ब्रिज टूट गया था, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक लापता है। वहीं, आज मंगलवार सुबह जूनागढ़ जिले में मरम्मत के दौरान एक पुल का स्लैब ढह गया।
स्लैब के साथ एक हिताची मशीन और कुछ मजदूर नीचे गिर गए। हालांकि, खुश्किस्मती से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यह हादसा जूनागढ़ जिले के मांगरोल तालुका के अजाज गांव में हुआ। अजाक गांव में स्थित पुल केशोद को माधवपुर से जोड़ने वाला एक मुख्य रास्ता है, जहां से रोजाना कई वाहन गुजरते हैं।
आज सुबह पुल की मरम्मत का काम चल रहा था। जब हिताची मशीन से काम चल रहा था, तभी अचानक पुल का स्लैब ढह गया और हिताची मशीन तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई। पुल के स्लैब पर कुछ लोग भी खड़े थे, जो स्लैब गिरने पर सीधे नदी में गिर गए, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि पुल का स्लैब गिरने से अफरातफरी का माहौल है।
गंभीरा ब्रिज 9 जुलाई को दो टुकड़ों में टूट गया था 9 जुलाई 2025 को मुजपुर और अंकलाव को जोड़ने वाला गंभीरा ब्रिज अचानक ढह गया था। यह ब्रिज मध्य गुजरात और सौराष्ट्र को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग था। हादसे के दौरान कई वाहन नदी में गिर गए। अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और एक शव की तलाश अभी भी जारी है।
यह ब्रिज 1986 में बना था और लंबे समय से जर्जर हालत में था। स्थानीय लोगों ने इस ब्रिज की मरम्मत या नए ब्रिज के निर्माण के लिए बार-बार गुहार लगाई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था।
Author: Source :www.bhaskar.com
Publish Date: 2025-07-15 09:53:14